नई दिल्ली में मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से की भेंट, हरिद्वार कुंभ 2027 और नमामि गंगे परियोजनाओं पर चर्चा

नई दिल्ली। पुष्कर सिंह धामी ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों तथा राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कुंभ 2027 के सफल, सुव्यवस्थित एवं पर्यावरणीय दृष्टि से सतत आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत 408.82 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि जनवरी से अप्रैल तक आयोजित होने वाले इस महाआयोजन में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में गंगा की निर्मलता, स्वच्छता और अविरलता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए 253 करोड़ रुपये के प्रस्तावों की स्वीकृति, जल जीवन मिशन के अंतर्गत अतिरिक्त धनराशि जारी करने तथा इकबालपुर नहर प्रणाली, कनखल और जगजीतपुर नहर की क्षमता विस्तार का भी अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने पर 665 क्यूसेक अतिरिक्त पानी सिंचाई के लिए उपलब्ध हो सकेगा, जिससे हरिद्वार जनपद के भगवानपुर और लक्सर क्षेत्र को लाभ मिलेगा।

परियोजना से लगभग 13 हजार हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलने का अनुमान है। साथ ही क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान में भी सहायता मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से हरिद्वार कुंभ 2027 को दिव्य, भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया जाएगा तथा गंगा संरक्षण के लक्ष्य को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।