
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिला न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर सोमवार सुबह बम और आरडीएक्स लगाए जाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। मेल में कोर्ट परिसर में करीब 12 किलो आरडीएक्स बम लगाए जाने का दावा किया गया था। सूचना मिलते ही न्यायालय परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया।

कोर्ट प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कमलेश उपाध्याय, पुलिस अधीक्षक (एसपी) उत्तरकाशी, मय फोर्स मौके पर पहुंचीं। एहतियातन पूरे न्यायालय परिसर को खाली करा लिया गया और कोर्ट रोड पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। भारी पुलिस बल के साथ अग्निशमन दस्ता भी तैनात किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून से बम निरोधक दस्ता बुलाया गया। साथ ही एसटीएफ और खुफिया एजेंसियों की टीमों ने भी मौके पर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान चलाया। देर शाम तक चली जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
एसपी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल के संबंध में नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ई-मेल किस स्थान से भेजी गई, इसकी तकनीकी जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की पड़ताल कर रही हैं।

