बारिश और आंधी से ऊर्जा निगम को 16 लाख का नुकसान, सभी फीडरों की मरम्मत पूरी

रुड़की। पिछले महीने शहर और देहात क्षेत्र में आई तेज बारिश और आंधी ने ऊर्जा निगम के उपकरणों को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाया। नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई थी। मुख्यालय से बजट स्वीकृत होने के बाद मरम्मत कार्य पूरे कर लिए गए हैं।

23 जनवरी को रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में आई आंधी-बारिश से 50 से अधिक फीडरों से जुड़े उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। बुग्गावाला, मंगलौर और रुड़की क्षेत्र में ब्रेकडाउन, चैनलों पर तार गिरने, जंपर निकलने और ट्रांसफार्मरों को क्षति पहुंचने की घटनाएं सामने आई थीं। बिजली आपूर्ति बाधित रहने से उपभोक्ताओं को करीब 8 से 10 घंटे तक परेशानी का सामना करना पड़ा।

अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत ने बताया कि मंडल में कुल 180 फीडर हैं, जिनमें से पिछले महीने 50 से अधिक फीडरों के विद्युत उपकरण आंधी और बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गए थे। प्राकृतिक आपदा से निगम को लगभग 16 लाख रुपये का नुकसान हुआ।

उन्होंने बताया कि मुख्यालय से धनराशि जारी होने के बाद मंडल स्तर पर सभी क्षतिग्रस्त उपकरणों की मरम्मत और आवश्यक कार्य पूरे कर दिए गए हैं, जिससे अब बिजली आपूर्ति सुचारु रूप से संचालित हो रही है।