उत्तराखंड : हल्द्वानी में रहने वाला एक पांच साल का लड़का दुनिया का सबसे कम उम्र का FIDE रेटेड खिलाड़ी बन गया है। जी हाँ उत्तराखंड के तेजस तिवारी ने यह कृतिमान हासिल किया है। वर्तमान में उनकी FIDE रेटिंग 1149 है।
अंतर्राष्ट्रीय शतरंज महासंघ ने कल अपने सोशल मीडिया चैनलों पर यह जानकारी साझा करते हुए पुष्टि की कि वर्तमान में तेजस FIDE रेटिंग हासिल करने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी है इतना ही नहीं फेडरेशन ने उनकी प्रतिभा के बारे में भी जानकारी साझा की है।
पिता भी रहे हैं शतरंज के खिलाड़ी
हल्द्वानी के सुभाष नगर क्षेत्र के रहने वाले तेजस तिवारी के पिता का नाम शरद तिवारी और मां का नाम इंदु तिवारी है। उनके पिता एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उनके पिता भी शतरंज के खिलाड़ी रह चुके हैं और कुमाऊं विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। पिता शरद तिवारी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ की ओर से मिले ईमेल के माध्यम से पता चला कि तेजस दुनिया के सबसे छोटे खिलाड़ी हैं।
तेजस ने उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व भी किया है
बता दें कि हाल में रुद्रपुर में हुई प्रथम स्व. धीरज सिंह रघुवंशी ओपन फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता में तेजस ने चार ड्रा और दो जीत के साथ फिडे रेटिंग हासिल की है। छोटे से करियर में वो पांच राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिताओं में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। तेजस के हुनर ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी उम्र की मोहताज नहीं होती है।