अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय हुआ, तीनों दोषियों को उम्रकैद: सीएम धामी

Dehradun: अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस मामले में सरकार और प्रशासन ने पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि घटना के बाद तीनों आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक महिला आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई, जिसने कई महीनों तक लगातार और गहन जांच की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पूरे मामले में हाईकोर्ट, सुप्रीम कोर्ट और जिला न्यायालय समेत सभी न्यायिक प्रक्रियाएं पूरी तरह शामिल रहीं। चार्जशीट दाखिल होने के बाद न्यायालय ने फैसला सुनाया और जिन तीन लोगों के नाम इस जघन्य अपराध में सामने आए, वे आज सलाखों के पीछे हैं। तीनों दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है, जो यह साबित करता है कि न्याय हुआ है।

सीएम धामी ने कहा कि कुछ लोग इस संवेदनशील मामले को लेकर केवल राजनीति करना चाहते हैं। उनके पास कोई वास्तविक मुद्दा नहीं है, इसलिए वे बार-बार उस बेटी की आत्मा को झकझोरने की कोशिश करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार और प्रशासन ने अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाई है और भविष्य में भी महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।