
देहरादून।
प्रदेश में इस वर्ष प्रस्तावित नई बिजली दरों को लेकर उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग 18 फरवरी से जनसुनवाई की प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। शुक्रवार को आयोग ने इसका विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया। इस बार भी गढ़वाल और कुमाऊँ मंडल के दो-दो शहरों में जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।

प्रदेश के तीनों ऊर्जा निगमों ने कुल मिलाकर 18.50 प्रतिशत टैरिफ बढ़ोतरी का प्रस्ताव आयोग के समक्ष रखा है। इसमें उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने 16.23 प्रतिशत, पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) ने लगभग तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया है। वहीं पहली बार उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) ने माइनस 1.2 प्रतिशत टैरिफ का प्रस्ताव रखा है।
पिछले वर्ष गढ़वाल मंडल में देहरादून और गोपेश्वर तथा कुमाऊँ मंडल में रुद्रपुर और लोहाघाट में जनसुनवाई हुई थी। इस बार गढ़वाल मंडल में देहरादून के साथ कर्णप्रयाग और कुमाऊँ मंडल में रुद्रपुर के साथ मुनस्यारी में जनसुनवाई की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान कोई भी उपभोक्ता आयोग के समक्ष अपने सुझाव और आपत्तियां दर्ज करा सकता है। नियामक आयोग के सचिव नीरज ने बताया कि जनसुनवाई के बाद सभी तथ्यों पर विचार कर टैरिफ प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। नई बिजली दरें एक अप्रैल से लागू होंगी।

