
रुड़की के गौशाला चौक क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। युवती का शव किराये के मकान में फांसी पर लटका मिला लेकिन परिजनों ने आत्महत्या की आशंका को सिरे से खारिज करते हुए इसे हत्या करार दिया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतका की पहचान पल्लवी कुमारी पुत्री संजीव कुमार राय निवासी जिला सहरसा बिहार के रूप में हुई है। पल्लवी पिछले करीब आठ माह से गौशाला चौक स्थित कौशिक पैथोलॉजी लैब के पास एक मकान में किराये पर रह रही थी। वह रायपुर स्थित लाइव हेल्थ केयर मेडिकल एजेंसी में कार्यरत थी और दो सहपाठियों के साथ रह रही थी। परिजनों के मुताबिक, घटना से ठीक एक दिन पहले पल्लवी ने अपनी बड़ी बहन से फोन पर बातचीत की थी और होली पर घर आने की बात कही थी। परिवार का कहना है कि वह पूरी तरह खुशमिजाज थी और किसी तरह के तनाव में नहीं थी। हालांकि जब शाम के समय पल्लवी ने अपनी मां के बार-बार किए गए फोन कॉल्स का जवाब नहीं दिया, तो परिजन चिंतित हो गए। इसके बाद मां ने मकान मालिक से संपर्क किया जहां से पल्लवी के कमरे में फांसी पर लटके होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे तुरंत रुड़की पहुंचे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया।परिजनों का आरोप है कि पल्लवी के साथ कुछ अनहोनी हुई है और मामले को आत्महत्या बताकर दबाने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने पुलिस को तहरीर सौंपते हुए मामले की गहन,निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस मामले में पुलिस का कहना है कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। युवती के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का बाद तथ्य सामने आएंगे। सभी पहलुओं पर जाँच की जाएगी।


