
रुड़की। रुड़की प्रेस क्लब समिति (रजि.) के वार्षिक चुनाव रविवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए। दोपहर बाद घोषित हुए परिणामों के साथ ही नई कार्यकारिणी की तस्वीर साफ हो गई। अध्यक्ष पद पर दीपक मिश्रा ने जीत दर्ज करते हुए प्रेस क्लब की कमान संभाली, जबकि महासचिव पद पर अश्वनी उपाध्याय निर्वाचित हुए।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही विजयी उम्मीदवारों के समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। सभी निर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया और खुशी का इजहार किया गया।
चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष सुभाष सक्सेना ने जानकारी दी कि इस वार्षिक चुनाव में कुल सात पदों के लिए 14 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला हुआ। अध्यक्ष पद पर दीपक मिश्रा को 31 वोट मिले, जबकि तोरेंद्र पाल को 15 और सुनील पटेल को 5 वोट प्राप्त हुए। उपाध्यक्ष पद पर रियाज कुरैशी ने 31 वोट लेकर जीत हासिल की।
महासचिव पद पर अश्वनी उपाध्याय को 26 वोट मिले। सचिव पद पर नितिन कुमार ने 28 वोट प्राप्त कर जीत दर्ज की। कोषाध्यक्ष पद पर विनीत त्यागी 32 वोटों के साथ निर्वाचित हुए। इसके अलावा अंकित त्यागी और दीपक अरोड़ा डायरेक्टर पद पर चुने गए।
नव-निर्वाचित अध्यक्ष दीपक मिश्रा ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे प्रेस क्लब को और अधिक सक्रिय, संगठित और पत्रकार हितैषी बनाने के लिए मिलकर कार्य करेंगे।

