बिजनौर जलालाबाद: पटाखा फैक्टरी में विस्फोट, आम के पेड़ तले धमाका..

बिजनौर जनपद के जलालाबाद क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे एक पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट हो गया। जलालाबाद-कोतवाली नहर पटरी बाईपास मार्ग पर स्थित शिफा फायर वर्क्स फैक्टरी में आम के पेड़ के नीचे गंधक-पोटाश छानते समय अचानक तेज धमाका हुआ।

मजदूर का सिर धड़ से अलग, शरीर के टुकड़े
विस्फोट की चपेट में आकर पाडला बिजनौर निवासी सुधीर कुमार (35) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। धमाका इतना जबरदस्त था कि मजदूर का सिर और ऊपरी धड़ शरीर से अलग होकर दूर जा गिरा। दांत और शरीर के हिस्से घटनास्थल पर दूर-दूर तक बिखर गए।

40 से अधिक मजदूर कर रहे थे काम
हादसे के समय फैक्टरी में कुछ दूरी पर करीब 40 मजदूर, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, काम कर रहे थे। विस्फोट होते ही फैक्टरी परिसर में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। गनीमत रही कि अन्य मजदूर सुरक्षित बच गए।

मौके पर पुलिस-प्रशासन , शव लिया कब्जे में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, एसडीएम शैलेंद्र कुमार सिंह, सीओ नितेश प्रताप सिंह और थाना प्रभारी राहुल सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सुरक्षा मानकों की जांच शुरू
प्रशासन ने फैक्टरी में सुरक्षा इंतजामों की जांच शुरू कर दी है। विस्फोट के कारणों को लेकर जांच की जा रही है और फैक्टरी प्रबंधन से पूछताछ भी की जाएगी।