स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया…

हरिद्वार। नगर पालिका शिवालिक नगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में देशभर में चलाए जा रहे “सेवा पखवाड़ा” कार्यक्रमों की कड़ी में नगर पालिका कार्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलवाई, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छता को अपने जीवन का हिस्सा बनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इसके उपरांत नगर पालिका कार्यालय परिसर एवं आस-पास के क्षेत्रों में श्रमदान कर सफाई की गई तथा अनेक छायादार और औषधीय पौधों का रोपण किया गया।

अध्यक्ष राजीव शर्मा ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा की प्रधानमंत्री मोदी जी ने 2014 में प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते ही स्वयं हाथ में झाड़ू उठाकर स्वच्छता का संदेश दिया था। उनका यह कदम केवल प्रतीकात्मक नहीं था, बल्कि एक राष्ट्रीय चेतना का आरंभ था, जिसने देश को स्वच्छता की दिशा में क्रांतिकारी परिवर्तन के मार्ग पर अग्रसर किया। आज हर नागरिक स्वच्छता को केवल निजी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि राष्ट्रीय कर्तव्य समझकर कार्य कर रहा है।

राजीव शर्मा ने जानकारी दी कि सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत 2 अक्टूबर तक स्वच्छता महाअभियान के साथ साथ ही रक्तदान शिविर,निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, जनजागरूकता कार्यक्रम,प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान,विद्यालयों एवं सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर स्वच्छता संवाद जैसे विविध जनकल्याणकारी आयोजन सम्मिलित होंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा है कि उनका संकल्प है कि पूरा नगर पालिका क्षेत्र स्वच्छ भारत मिशन के आदर्शों को पूरी तरह आत्मसात करे। इसी प्रतिबद्धता का परिणाम है कि नगरपालिका को 2021-22 में राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय स्वच्छता पुरस्कार प्राप्त हुए, जो नगरवासियों के सहयोग एवं समर्पण का प्रतीक हैं।
उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि सभी लोग इस “सेवा पखवाड़ा” में सक्रिय सहभागिता करें और प्रधानमंत्री के “स्वच्छ भारत – स्वस्थ भारत” के सपने को साकार करने में सहभागी बने।इस अवसर मंडल अध्यक्ष कैलाश भंडारी, मंडल महामंत्री पंकज चौहान व अंशुल शर्मा,अधिशासी अधिकारी तारीक खान, रजत, पवन, शारूख, प्रीति, मीना, सचिन, अजित, शिवम कार्यकर्ता बंधु व कर्मचारी उपस्थित रहे