रुड़की- (निधि अधिकारी) खेत में काम कर रही एक महिला पर अचानक गुलदार ने हमला कर दिया। महिला ने गुलदार का मुकाबला किया। वहीं पास ही खेत में काम रही महिलाओं ने जब यह देखा तो उन्होंने महिला को बचाने के लिए गुलदार पर दरांती और डंडे से हमला कर दिया। इसके चलते गुलदार वहां से भाग गया। गुलदार के हमले में महिला जख्मी हो गई। महिला को उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाया गया है। वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से गुलदार को पकड़ने की मांग की है।

गढ़मीरपुर के बाहर बिट्टू चौहान का खेत है। खेत में लोकेश देवी (35) निवासी पूरण साल्हापुर, मूर्ति देवी और रोशन देवी समेत सात महिलाएं फसल की निराई-गुड़ाई का काम रही थी। इसी दौरान पास ही स्थित एक खेत में छिपकर बैठा गुलदार तुरंत ही लोकेश देवी पर झपट पड़ा। यह देख लोकेश देवी ने शोर मचाते हुए गुलदार का मुकाबला किया। यही नहीं खेत में काम रही अन्य महिलाएं भी गुलदार पर टूट पड़ीं। उन्होंने लाठी-डंडे आदि गुलदार पर बरसा दिए। इसके चलते गुलदार महिला को छोड़कर वहां से जंगल की ओर भाग गया। गुलदार के हमले में लोकेश देवी घायल हो गई।
वही, महिला को सिविल अस्पताल रुड़की लाया गया। महिला को एंटी रैबीज और सिरम दिया गया। महिला की हालत सामान्य होने तक उसे अस्पताल में भर्ती रखा गया। शाम के समय महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।