देहरादून में प्री-एसआईआर का 66.62% कार्य पूरा, चकराता अव्वल, धर्मपुर सबसे पीछे

देहरादून। राजधानी में चल रहे प्री एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) का कार्य 66.62 प्रतिशत पूरा हो चुका है। शेष मतदाताओं के मिलान के लिए अभियान जारी है। अब तक 10.39 लाख मतदाताओं की मैपिंग की जा चुकी है।

देहरादून में नगर निगम सभागार में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे की ओर से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। 99.03 प्रतिशत आंकड़ों के साथ चकराता विधानसभा पूरे जिले में पहले स्थान पर है, जबकि धर्मपुर विधानसभा 56.94 प्रतिशत के साथ सबसे पीछे है।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित ईआरओ को निर्देश दिए कि बीएलओ के कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा की जाए। जिन बूथों पर मैपिंग का प्रतिशत कम है, वहां तहसील स्तर से अधिकारियों और कार्मिकों की ड्यूटी लगाकर कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए।

अन्य विधानसभाओं की स्थिति

समीक्षा के दौरान सामने आया कि विकासनगर विधानसभा में 70.47%, सहसपुर विधानसभा में 71%, रायपुर विधानसभा में 62.64%, राजपुर रोड विधानसभा में 61.19%, देहरादून कैंट विधानसभा में 61.36%, मसूरी विधानसभा में 63.52%, डोईवाला विधानसभा में 70% तथा ऋषिकेश विधानसभा में 60.87% मैपिंग कार्य पूरा हो चुका है।

बैठक में सीडीओ अभिनव शाह, नगर आयुक्त नमामी बंसल, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी स्मृता परमार, उप नगर आयुक्त संतोष पांडेय, उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि और उप जिलाधिकारी ऋषिकेश योगेश मेहर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

जिले में कुल 15.60 लाख मतदाता

प्रशासन के अनुसार जिले में कुल 15,60,788 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से 10,39,833 मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है, जबकि 5,20,955 मतदाताओं का सत्यापन शेष है।

जिले की सभी 10 विधानसभाओं में कुल 2369 बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) कार्यरत हैं। राजनीतिक दलों में भारतीय जनता पार्टी के 912 बीएलए-2, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 1268 और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के 189 बीएलए हैं।

प्रशासन की ओर से 19 अगस्त, 04 अक्तूबर और 02 दिसंबर को राजनीतिक दलों के साथ बैठकें आयोजित की गईं। इसके अलावा 27 जून, 02 दिसंबर, 09 फरवरी और 12 फरवरी को बीएलए के साथ समीक्षा बैठकें की गईं।