
रुड़की। होली पर्व के मद्देनज़र चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान रुड़की कोतवाली पुलिस ने भीड़भाड़ वाले बाजार में नकली नोट खपाने की फिराक में खड़े एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 500 रुपये के कुल 38 जाली नोट (₹19,000) बरामद किए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में जनपद में त्योहारों को ध्यान में रखते हुए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 1 मार्च 2026 की रात को कोतवाली रुड़की पुलिस टीम मोबाइल गश्त पर थी।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सोनाली पार्क के सामने, कलियर रोड पर एक व्यक्ति मोटरसाइकिल सहित खड़ा है और नकली नोटों का व्यापार कर रहा है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान मुकेश कुमार गर्ग पुत्र कुंवर सेन, निवासी मोहल्ला सेनियान, कस्बा और थाना शाहपुर, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास 38 जाली नोट बरामद किए गए।
आरोपी के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि त्योहारों के दौरान लेन-देन करते समय नोटों की सावधानीपूर्वक जांच करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक आनंद मेहरा, कांस्टेबल इतेंद्र ध्यान और होमगार्ड महक सिंह की अहम भूमिका रही।
