ढंढेरा स्थित महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज का 28वां वार्षिकोत्सव विद्यालय परिसर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर बड़े छात्रों ने रंगारंग प्रस्तुतियों सहित पड़ोसी राज्यों की समृद्ध लोक संस्कृति प्रस्तुत कर दर्शकों का मनमोह लिया। मुख्य अतिथि राज्य मंत्रियों एवं विशिष्ट अतिथियों ने मेधावी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्द्धन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि माटी कला बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति, राज्य शिक्षा उन्नयन समिति के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री) डॉ. जयपाल सिंह चौहान एवं भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने किया। ‘नंदा देवी डोली’ की प्रस्तुति ने उत्तराखंड की देवसंस्कृति को मंच पर जीवंत किया। वहीं पंजाबी भांगड़ा और हरियाणवी नृत्य ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

शोभाराम प्रजापति ने कहा कि वार्षिकोत्सव बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त मंच है। वहीं डॉ. जयपाल सिंह चौहान ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अनुशासन और संस्कारों को भी जीवन में अपनाने पर जोर दिया। विद्यालय प्रबंधक कुंवर संजीव कुशवाहा एवं प्रधानाचार्य संगीता ठाकुर ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया और विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में पूर्व जिला महामंत्री भाजपा संदीप खटाना, अध्यक्ष रवि राणा, भाजपा नेत्री किरण सिंह, रेखा नेगी, लिटिल वर्ल्ड पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य किरण शर्मा, प्रवीण कुशवाह, एडवोकेट अनिल पुंडीर सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, विद्यालय का समस्त शिक्षक स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
