
रुड़की। श्री राधा माधव सेवा मंडल की ओर से होली के अवसर पर रामनगर स्थित रामलीला मैदान में 20वां फाग महोत्सव धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वृंदावन और गुजरात से आए कलाकारों ने भजनों एवं मनमोहक झांकियों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

होली मिलन समारोह के तहत लठमार होली, लड्डू होली, फूलों की होली और भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन संध्या में दिल्ली के प्रसिद्ध भजन गायक नितिन कथुरिया और भैया माधव भाटिया ने होली के गीतों व भजनों की अमृत वर्षा की।
“सांवरिया ने डालो है रंग…”, “आज बिरज में होली रे रसिया…”, “होली खेल रहे बांके बिहारी…”, “कान्हा पिचकारी मत मार…” जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूमने को मजबूर हो गए। पूरा मैदान रंग-गुलाल और भक्ति रस में सराबोर नजर आया।
भजन संध्या के उपरांत प्रसाद के रूप में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

इस अवसर पर मंडल के संयोजक उमेश कोहली, अध्यक्ष एच.एम. कपूर, सचिव सतीश कालरा सहित नगर विधायक प्रदीप बत्रा, समाजसेवी अक्षय प्रताप सिंह और अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
