प्रमाणपत्र सत्यापन में अनुपस्थित 204 अभ्यर्थी भर्ती से बाहर, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग का निर्णय…

Dehradun: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने प्रमाणपत्रों की जांच के दौरान अनुपस्थित रहने वाले 204 अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया से बाहर कर दिया है। ये सभी अभ्यर्थी पूर्व में लिखित परीक्षा और टाइपिंग टेस्ट उत्तीर्ण कर चुके थे, लेकिन निर्धारित तिथियों पर अभिलेख सत्यापन के लिए उपस्थित नहीं हुए।

आयोग के सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल ने बताया कि विभिन्न विभागों में समूह-ग के अंतर्गत डाटा एंट्री ऑपरेटर, कनिष्ठ सहायक, कंप्यूटर सहायक, स्वागती, मेट, कार्यपर्यवेक्षक एवं आवास निरीक्षक पदों पर भर्ती के लिए 19 जनवरी 2025 को लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। इसके बाद 28 मार्च को टाइपिंग टेस्ट के लिए मेरिट सूची जारी की गई, जिसके आधार पर 18 अगस्त से 5 सितंबर के बीच टाइपिंग टेस्ट कराया गया।

समस्त प्रक्रियाओं के उपरांत आयोग द्वारा 27 नवंबर को अभिलेख सत्यापन के लिए सूची जारी की गई थी, जिसमें 1141 अभ्यर्थियों को बुलाया गया। आयोग ने 1 दिसंबर 2025 से 1 जनवरी 2026 के बीच प्रमाणपत्रों की जांच कराई। निर्धारित तिथि पर अपरिहार्य कारणों से अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को 1 जनवरी को एक अतिरिक्त अवसर भी प्रदान किया गया।

इसके बावजूद अभिलेख सत्यापन के लिए बुलाए गए 1141 अभ्यर्थियों में से 937 उपस्थित हुए, जबकि 204 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। आयोग ने स्पष्ट किया कि अनुपस्थिति के आधार पर इन सभी 204 अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया है।

आयोग का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने के लिए निर्धारित नियमों का पालन अनिवार्य है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जा सकती।