
Roorkee : लक्सर नगर पालिका क्षेत्र में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के तहत अब तक कुल 1490 पंजीकरण किए जा चुके हैं। यूसीसी लागू होने के बाद पहली छमाही में पंजीकरण की गति अपेक्षाकृत सुस्त रही, लेकिन दूसरी छमाही में इसमें करीब तीन गुना वृद्धि दर्ज की गई। बीते एक वर्ष में नगर क्षेत्र में तलाक का केवल एक ही पंजीकरण हुआ है।

प्रदेश में 26 जनवरी 2025 से लागू समान नागरिक संहिता के तहत विवाह पंजीकरण, विवाह विच्छेद, उत्तराधिकार (वसीयत) और लिव-इन संबंधों के लिए पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। इसके लिए यूसीसी पोर्टल पर स्वयं अथवा सीएससी केंद्रों के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष जून माह तक नगर में यूसीसी के अंतर्गत विवाह पंजीकरण के लिए मात्र 309 आवेदन प्राप्त हुए थे। इसके बाद सरकार द्वारा पंजीकरण शुल्क में छूट दिए जाने और उच्चाधिकारियों के निर्देश पर स्थानीय प्रशासन के प्रयासों से पंजीकरण की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। बीते एक वर्ष में नगर पालिका में यूसीसी के तहत कुल 1527 आवेदन किए गए।
इनमें से 1489 विवाह पंजीकरण और एक तलाक पंजीकरण का प्रमाणपत्र जारी किया जा चुका है। वहीं, 96 आवेदन निरस्त किए गए, जबकि एक आवेदन जांच के चलते अभी विचाराधीन है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी मोहम्मद कामिल ने बताया कि यूसीसी के तहत पंजीकरण को लेकर लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है।

