उत्तराखंड में मौसम का कहर जारी, पहाड़ी जिलों में बारिश-बर्फबारी….

उत्तराखंड में आज भी मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी (Rain & Snowfall) का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने बागेश्वर, चमोली, देहरादून, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी सहित पुरोला, गंगोत्री, केदारनाथ, बदरीनाथ, मुनस्यारी, कपकोट व आसपास के क्षेत्रों में खराब मौसम बने रहने की संभावना जताई है।

मसूरी में हुई बर्फबारी
पहाड़ों की रानी मसूरी में देर रात हल्की बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आ गई है। बर्फ की सफेद चादर बिछने से शहर में ठंड बढ़ गई है, वहीं तेज हवाओं (Strong Winds) ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

रंवाई घाटी का जिला मुख्यालय से संपर्क टूटा
लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी के चलते यमुनोत्री हाईवे राना चट्टी से आगे और राड़ी टॉप क्षेत्र में यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। इसके चलते उत्तरकाशी जिले की रंवाई घाटी का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्कूलों में एक दिन का अवकाश
बर्फबारी और खराब मौसम की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन पौड़ी, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर जिलों में स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है, वहीं लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।