पानी हुआ महंगा: जल संस्थान ने बढ़ाए बिल, आज से उपभोक्ताओं पर असर

देहरादून। अगर आपके घर में जल संस्थान की पाइपलाइन से पानी की आपूर्ति होती है, तो अब आपको इसके लिए अधिक भुगतान करना होगा। बुधवार से जल संस्थान ने पानी के बिलों में करीब चार प्रतिशत की बढ़ोतरी लागू कर दी है।

विभाग के अनुसार यह वृद्धि वर्ष 2013 के बेस टैरिफ के आधार पर तय की गई संरचना के तहत की गई है, जिसके अनुसार हर वर्ष दरों में संशोधन किया जाता है।

अधिकारियों ने बताया कि पहले लोअर स्लैब में लगभग 9 प्रतिशत और उच्च स्लैब में 11 प्रतिशत तक की वृद्धि होती थी, लेकिन इस बार इसे घटाकर चार प्रतिशत कर दिया गया है, जिससे उपभोक्ताओं पर अपेक्षाकृत कम बोझ पड़ेगा।

जल संस्थान के मुख्य महाप्रबंधक डीके सिंह के अनुसार पानी के बिलों का निर्धारण दो प्रमुख आधारों पर किया जाता है। पहला, हाउस टैक्स असेसमेंट के आधार पर उपभोक्ताओं को अलग-अलग स्लैब में वर्गीकृत किया जाता है। दूसरा, वैल्यूमेट्रिक टैरिफ (लीटर के आधार पर) के अनुसार बिलिंग की जाती है, जिसके अंतर्गत पूरे प्रदेश में लगभग 50 हजार उपभोक्ता आते हैं।

नई दरें लागू होने के बाद अब उपभोक्ताओं को पानी के लिए पहले की तुलना में अधिक भुगतान करना होगा।