देहरादून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर उद्घाटन पर PM का भव्य स्वागत, शंखनाद-घंटानाद से गूंजेगा उत्तराखंड

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री के उत्तराखंड दौरे को ऐतिहासिक और भव्य बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। देहरादून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर (देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे) के उद्घाटन अवसर पर प्रधानमंत्री का स्वागत शंखनाद और घंटानाद से किया जाएगा।

मंगलवार को मुख्यमंत्री ने अपने आवास पर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि इस आयोजन को जन उत्सव का रूप दिया जाए और समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और सभा स्थल गढ़ीकैंट तक रोड शो में हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आयोजन की रूपरेखा आकर्षक और सुव्यवस्थित होनी चाहिए। साथ ही उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत—गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी लोकनृत्य व संगीत—की भव्य झलक भी कार्यक्रम में देखने को मिले।

मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों से निकलकर राष्ट्रीय ध्वज के साथ प्रधानमंत्री के रोड शो में शामिल हों, ताकि पूरे राज्य में उत्सव जैसा माहौल बन सके।

उन्होंने कहा कि यह कॉरिडोर उत्तराखंड के विकास को नई दिशा देगा। इससे पर्यटन, रोजगार और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह परियोजना लॉजिस्टिक्स, परिवहन और निवेश के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाएगी, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने इसे राज्य के विकास इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताया।

बैठक में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सचिव शैलेश बगौली, गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे, जिलाधिकारी सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल और अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।