गैस सिलिंडर की किल्लत पर बवाल: देहरादून-शिमला बाईपास एक घंटे जाम, कालाबाजारी के खिलाफ छापेमारी तेज

Dehradun : गैस सिलिंडर की कमी से नाराज लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। देहरादून-शिमला बाईपास पर लोगों ने जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने गैस एजेंसी संचालकों और आपूर्ति विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। शिमला बाईपास के नया गांव चौकी क्षेत्र में भीड़ इतनी बढ़ गई कि हालात काबू करना मुश्किल हो गया। पुलिस और प्रशासन को जाम खुलवाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

इस बीच, एलपीजी की कालाबाजारी पर लगाम लगाने और होम डिलिवरी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बुधवार को क्यूआरटी टीमों ने जिलेभर में कई गैस एजेंसियों पर छापेमारी की। स्वास्तिक गैस एजेंसी और वेली गैस एजेंसी समेत कई स्थानों पर औचक निरीक्षण किया गया।

छापेमारी के दौरान एजेंसियों में मौजूद गैस सिलिंडरों का स्टॉक, वितरण की स्थिति और आपूर्ति व्यवस्था की जांच की गई। अधिकारियों ने सख्त निर्देश दिए कि गैस वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आपूर्ति विभाग के अनुसार, बुधवार को जिले में 17,355 से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं और 661 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर वितरित किए गए। वर्तमान में घरेलू एलपीजी के 34,786 और व्यावसायिक के 4,080 सिलिंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं। साथ ही, मांग को देखते हुए सिलिंडरों की आपूर्ति लगातार बढ़ाई जा रही है।