पेट्रोल पंप पर विवाद करने वाले तीन युवक गिरफ्तार, शांति भंग के आरोप में न्यायालय में पेश

पिरान कलियर। कलियर थाना पुलिस ने पेट्रोल पंप पर हंगामा और अभद्रता करने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस के अनुसार युवकों ने तेल भरवाने को लेकर सेल्समैन से विवाद कर माहौल बिगाड़ दिया था।

थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि रहमतपुर स्थित एक पेट्रोल पंप पर कुछ युवक तेल भरवाने को लेकर सेल्समैन से विवाद कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे शांत नहीं हुए और उत्तेजित होकर अभद्रता करते हुए हंगामा करने लगे।

स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजीव कुमार निवासी रहमतपुर, अंकित कुमार निवासी शेखपुरा मोहल्ला हरिजन बस्ती कोतवाली बेहट जिला सहारनपुर (उ.प्र.), और राहुल कुमार सिंह निवासी रहमतपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए उनका मेडिकल परीक्षण कराया और बाद में न्यायालय में पेश कर दिया।

पुलिस टीम में एसएसआई सुनील दत्त पंत, रविन्द्र बालियान, जितेंद्र रावत और अंकित कुमार शामिल रहे।