दून में 27 से शुरू होंगे तीन दिवसीय राज्य पैरा गेम्स

देहरादून। पैरालंपिक एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की ओर से राजधानी दून में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय पैरा गेम्स का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता 27 से 29 मार्च तक महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होगी, जिसमें प्रदेश के 13 जिलों की टीमें भाग लेंगी।

प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान आयोजक सचिव प्रेम कुमार ने जानकारी दी कि पैरा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पैरा गेम्स के अंतर्गत पैरा एथलेटिक्स, पावरलिफ्टिंग, बैडमिंटन, वॉलीबॉल और टेबल टेनिस जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

इस प्रतियोगिता में करीब 150 पैरा खिलाड़ी हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। खिलाड़ियों के पंजीकरण की अंतिम तिथि 25 मार्च निर्धारित की गई है।