मणिकूट पर्वत पर त्रयोदश ज्योतिर्लिंग की प्राण प्रतिष्ठा 13 से 15 फरवरी तक, हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना

ऋषिकेश।
ऋषिकेश से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित मणिकूट पर्वत पर 13 से 15 फरवरी तक त्रयोदश ज्योतिर्लिंग की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। चक्रवर्ती यज्ञ सम्राट श्री श्री 1008 हरिओम महाराज ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, विश्राम एवं दर्शन की बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आयोजन स्थल पर नवनिर्मित ज्योतिर्लिंग को गुजरेश्वर महादेव के रूप में नई पहचान दी जाएगी। 13 फरवरी से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष अनुष्ठानों की शुरुआत होगी, जो 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्राण प्रतिष्ठा के साथ संपन्न होंगे।

आयोजन में देशभर से हजारों श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं और गणमान्य व्यक्तियों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन और आश्रम प्रबंधन की टीमें व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तरह सतर्क और सक्रिय हैं। सुरक्षा, यातायात और मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।

आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि क्षेत्र में आध्यात्मिक पर्यटन को भी नई दिशा देगा।