टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत पर देहरादून में जश्न, सड़कों पर उतरे हजारों क्रिके ट प्रेमी…

देहरादून:
भारतीय क्रिकेट टीम के वर्ल्ड चैंपियन बनने की खुशी में देहरादून में क्रिकेट प्रेमियों ने जमकर जश्न मनाया। टीम की ऐतिहासिक जीत के बाद शहर के विभिन्न इलाकों में लोगों ने पटाखे जलाए, ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते हुए खुशी का इजहार किया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।

रविवार देर रात मैच समाप्त होते ही हजारों युवा तिरंगा लेकर सड़कों पर उतर आए। कई स्थानों पर लोगों ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारे लगाए। घंटाघर, पलटन बाजार और राजपुर रोड सहित कई प्रमुख स्थानों पर क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ उमड़ पड़ी।

लोगों ने तिरंगा लहराते हुए “इंडिया-इंडिया” के नारों के साथ जीत का जश्न मनाया। घंटाघर क्षेत्र में कुछ देर के लिए जाम जैसी स्थिति भी बन गई। कई वाहन चालक भी अपनी गाड़ियों से बाहर निकलकर जश्न में शामिल हो गए और नाचते-गाते नजर आए। कई स्थानों पर लोगों ने मिठाइयां बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी।

युवाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने भारतीय टीम को बधाई देते हुए अपनी खुशी साझा की। क्रिकेट प्रेमियों का कहना था कि टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत ने पूरे देश को गर्व से भर दिया है। युवाओं ने इसे भारतीय क्रिकेट के लिए गौरव का क्षण बताते हुए खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की।

शहर में देर रात तक जीत का जश्न और उत्साह का माहौल बना रहा। वहीं वर्ल्ड कप के महामुकाबले को लेकर शहर के होटल और रेस्टोरेंट में भी विशेष तैयारियां की गई थीं, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने एक साथ मैच का आनंद लिया।