सर्वे में खुलासा—प्रदेश की 1.34 लाख से अधिक बुजुर्ग महिलाओं को सहायता की जरूरत

Dehradun : महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा कराए गए एक सर्वे में प्रदेश की बुजुर्ग महिलाओं की स्थिति को लेकर चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में 1 लाख 34 हजार से अधिक बुजुर्ग महिलाओं को विभिन्न प्रकार की सरकारी सहायता की आवश्यकता है।

ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में किए गए इस सर्वे में बुजुर्ग महिलाओं की प्रमुख जरूरतों का खुलासा हुआ है। आंकड़ों के मुताबिक 61,258 महिलाओं को आर्थिक सहायता की सबसे ज्यादा जरूरत है। वहीं 27,125 महिलाओं को पोषाहार, 23,643 को स्वास्थ्य सेवाएं, 11,960 को खाद्य सामग्री और 6,474 को आवास की आवश्यकता है। इसके अलावा 4,330 बुजुर्ग महिलाओं को सुरक्षा की जरूरत भी बताई गई है।

विभाग का कहना है कि इस सर्वे के आधार पर जरूरतमंद महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा, जिससे उन्हें आर्थिक मदद, स्वास्थ्य सुविधाएं, पोषण और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया जा सके। सरकार का मानना है कि इस पहल से बुजुर्ग महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार लाया जा सकेगा।

सर्वे में यह भी सामने आया है कि प्रदेश की 33,722 बुजुर्ग महिलाएं किसी भी प्रकार की पेंशन का लाभ नहीं ले रही हैं। वहीं 71,397 महिलाओं को वृद्धा पेंशन, 27,896 को विधवा पेंशन, 1,339 को दिव्यांग पेंशन और 456 को परित्यक्ता पेंशन मिल रही है।

यह सर्वे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से कराया गया था, जिसके आधार पर सरकार अब बुजुर्ग महिलाओं के जीवन को बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाने की तैयारी कर रही है।