पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाहों पर विराम, देश में ऊर्जा आपूर्ति पूरी तरह सामान्य

नई दिल्ली। पेट्रोलियम मंत्रालय ने देशभर में पेट्रोल, डीज़ल और एलपीजी की उपलब्धता को लेकर स्थिति पूरी तरह सामान्य और सुरक्षित होने की पुष्टि की है। मंत्रालय ने साफ कहा है कि कहीं भी ईंधन की कोई कमी नहीं है और सभी पेट्रोल पंप एवं गैस सप्लाई सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं।

मंत्रालय के अनुसार, देश में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल, डीज़ल और एलपीजी का स्टॉक उपलब्ध है। ऊर्जा आपूर्ति की पूरी व्यवस्था स्थिर है और नागरिकों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

साथ ही, मंत्रालय ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैल रही अफवाहों को पूरी तरह निराधार बताया है। लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की भ्रामक या घबराहट फैलाने वाली खबरों पर विश्वास न करें।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि वह हर नागरिक तक बिना किसी रुकावट के ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि केवल सरकारी और विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें और अफवाहों को फैलाने से बचें।