फर्जी हमले का खुलासा: सौरभ बेहड़ ने खुद रचा था साजिश, विधायक तिलक राज बेहड़ ने मांगी सार्वजनिक माफी…

किच्छा। किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ के बेटे एवं नगर निगम पार्षद सौरभ राज बेहड़ पर हुए हमले का मामला पूरी तरह से फर्जी निकला है। पुलिस द्वारा औपचारिक खुलासे से पहले ही विधायक तिलक राज बेहड़ ने प्रेसवार्ता कर इस पूरे प्रकरण पर सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली। भावुक प्रेसवार्ता के दौरान विधायक की आंखों में आंसू थे। उन्होंने कहा कि उनका “अपना सिक्का ही खोटा निकल गया” और बेटे की इस करतूत से वह आहत हैं।

विधायक बेहड़ ने साफ कहा कि सौरभ बेहड़ ने अपने दोस्त इंदर के साथ मिलकर खुद पर हमले की साजिश रची थी। उन्होंने घोषणा की कि इस घटना के बाद वह बेटे से हमेशा के लिए सभी संबंध समाप्त करते हैं। विधायक ने कहा कि बेटे के घरेलू विवाद पत्नी के साथ चल रहे थे, जिसकी जानकारी उसे पहले देनी चाहिए थी। उन्होंने यह भी कहा कि बेटे द्वारा किडनी दान किए जाने के बाद उनकी सहानुभूति उसके प्रति अधिक थी, लेकिन इस तरह की हरकत किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।

प्रेसवार्ता में विधायक तिलक राज बेहड़ ने पूरे घटनाक्रम के दौरान सहयोग देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार भी जताया।

यह है पूरा मामला

रविवार शाम किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ के पुत्र सौरभ राज बेहड़ पर कथित रूप से बाइक सवारों द्वारा हमला किए जाने की खबर से शहर में सनसनी फैल गई थी। बताया गया था कि सौरभ स्कूटी से आवास विकास पुलिस चौकी जा रहे थे, तभी बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार तीन लोगों ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी और मारपीट कर फरार हो गए। सौरभ को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

घटना की सूचना पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, कांग्रेस नेता मोहन खेड़ा सहित कई लोग अस्पताल पहुंचे थे। विधायक बेहड़ ने उस समय कहा था कि जांच से पहले वह किसी पर आरोप नहीं लगाएंगे, लेकिन दोषियों पर कार्रवाई न होने पर पुलिस को अंजाम भुगतना पड़ेगा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा और मेयर विकास शर्मा भी अस्पताल पहुंचे थे। मेयर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से विधायक बेहड़ की फोन पर बात कराई थी। सीएम ने स्पष्ट कहा था कि अपराधी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

अब पुलिस जांच में यह साफ हो गया है कि हमला सुनियोजित था और खुद सौरभ बेहड़ ने इसे अंजाम दिलवाया। पुलिस कुछ ही देर में पूरे मामले का औपचारिक खुलासा करेगी।