दिव्यांशु हत्याकांड पर उबाल: शोकसभा में पहुंचे राकेश टिकैत, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

Dehradun: आशा रोड़ी में आयोजित दिव्यांशु की शोकसभा में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत पहुंचे, जहां उन्होंने उत्तराखंड पुलिस और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और इसे बचाने की जरूरत है।

शुक्रवार को बड़ी संख्या में किसानों के साथ दून कूच पर पहुंचे राकेश टिकैत ने हाल ही में हुए दिव्यांशु हत्याकांड के आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की। शोकसभा में माहौल भावुक हो गया, जब दिव्यांशु के बाबा फूट-फूट कर रोने लगे। मौजूद लोगों ने उन्हें ढांढ़स बंधाया।

इस दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

राकेश टिकैत ने कहा कि देहरादून में छात्रों के खिलाफ बढ़ रही आपराधिक घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने दिव्यांशु जाट राणा की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह छात्रों के एक समूह ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया, उससे युवाओं और अभिभावकों में असुरक्षा का माहौल पैदा हो गया है।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।