

Dehradun : राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” थीम पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 23 से 25 मार्च तक चलने वाले इन कार्यक्रमों का शुभारंभ सोमवार को परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। कार्यक्रम का प्रसारण प्रदेश के सभी जनपदों में भी किया जाएगा।

मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए रविवार को गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडेय, जिलाधिकारी सविन बंसल और एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने परेड ग्राउंड का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और समयबद्ध व सुव्यवस्थित तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य मंच, बैठने की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, एलईडी स्क्रीन, साउंड सिस्टम, यातायात और पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। आयुक्त ने निर्देश दिए कि मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार सभी तैयारियां पूरी की जाएं और विद्युत व साउंड सिस्टम के लिए पर्याप्त बैकअप की व्यवस्था सुनिश्चित हो।
कार्यक्रम स्थल पर ही आमजन के लिए स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी करने, सहायक उपकरण वितरण और अन्य जरूरी प्रमाण पत्रों की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने जानकारी दी कि “चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से प्रदेश की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।
