

देहरादून। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित दौरे को लेकर शासन-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को लेकर जनपद में व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने शनिवार को विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि संभावित रूट पर चल रहे सभी निर्माण कार्यों की पूर्व में दी गई अनुमतियां कार्यक्रम तक तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई हैं, ताकि किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच), एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे संभावित भ्रमण मार्ग का तुरंत निरीक्षण करें और सौंदर्यीकरण, डिवाइडर मरम्मत, सड़क सुधार सहित सभी आवश्यक कार्य समयसीमा में पूर्ण करें।
वहीं, यूपीसीएल अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अंडरग्राउंड केबलिंग के तहत सड़क किनारे पड़ी केबलों को तुरंत हटाया जाए। इसके अलावा मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, बैठने की समुचित व्यवस्था, मोबाइल शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं को भी समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम को कार्यक्रम स्थल और संभावित रूट पर विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
डीएम बंसल ने साफ कहा कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल, सीडीओ अभिनव शाह, अपर मुख्य नगर आयुक्त प्रवीन कुमार, एडीएम केके मिश्रा और एसपी सिटी प्रमोद कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
