
Roorkee: कोतवाली पुलिस ने गुरुवार देर रात ग्राम भनेड़ा में कब्रिस्तान के पास स्थित एक घेर में छापेमारी कर अवैध पशु कटान का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान करीब 215 किलोग्राम मांस बरामद किया गया। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम भनेड़ा में जव्वाद के घेर के पास कुछ लोग पशु कटान कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जव्वाद के घेर के निकट बने एक छोटे कमरे में जांच की, जहां पशु कटान होने की पुष्टि हुई। पुलिस की आहट मिलते ही आरोपी जव्वाद और उसके सहयोगी वहां से भाग निकले।
मौके से भारी मात्रा में मांस बरामद किया गया, जिसका वजन लगभग 215 किलोग्राम आंका गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अमित पंवार को मौके पर बुलाया गया। प्राथमिक जांच के बाद डॉ. पंवार ने बरामद मांस के गोवंशीय होने की पुष्टि की।
पुलिस ने साक्ष्य के रूप में मांस का नमूना लेकर उसे सील कर सुरक्षित कर लिया है। शेष मांस को पशु चिकित्सक की देखरेख में जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर अम्लीय छिड़काव के साथ नष्ट कर दिया गया।
कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

