
पौड़ी। पौड़ी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में गुलदार के हमलों की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। गुरुवार शाम डोभा गांव में मजदूरी कर रही नेपाली मूल की एक महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार जंगल की ओर भाग गया, जिससे महिला की जान बच गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार महिला शाम करीब छह बजे रेत भर रही थी, तभी अचानक गुलदार ने उस पर झपट्टा मार दिया। महिला के चीखने पर आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिसके बाद गुलदार मौके से भाग निकला। गनीमत रही कि महिला को गंभीर चोट नहीं आई।
सूचना मिलते ही गढ़वाल वन प्रभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की बात कही है।
डीएफओ महातिम यादव ने बताया कि महिला पर गुलदार के हमले की सूचना मिली है। टीम को मौके पर भेजकर पूरे मामले की जांच की जा रही है।
