द्वारका एक्सप्रेसवे के पास कुख्यात अपराधी गिरफ्तार, 20 मामलों में था वांछित…

Delhi: दिल्ली और हरियाणा में करीब 20 आपराधिक मामलों में कथित रूप से शामिल 35 वर्षीय अपराधी को पुलिस ने द्वारका एक्सप्रेसवे के पास गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई फरार गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कवच 12.0’ के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान रविंदर देसवाल उर्फ छोटा के रूप में हुई है, जो हरियाणा के रोहतक का निवासी है। वह पिछले दो वर्षों से गिरफ्तारी से बच रहा था। पुलिस से बचने के लिए वह टोल प्लाजा पर काम कर रहा था और लगातार अपनी जगह बदल रहा था। पहचान छिपाने के लिए वह परिचितों के नाम पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था।

अधिकारियों ने बताया कि 24 जनवरी को द्वारका एक्सप्रेसवे स्थित टोल प्लाजा के पास आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने थोड़ी देर पीछा करने के बाद उसे दबोच लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उससे जुड़े अन्य आपराधिक मामलों की जांच की जा रही है।