एनआईसी साइट से गायब नीर वाटरफॉल, ग्रामीणों में नाराजगी…

टिहरी गढ़वाल। देश-विदेश से पर्यटकों को आकर्षित करने वाला प्रसिद्ध नीर झरना सरकारी वेबसाइट पर ही उपेक्षित नजर आ रहा है। नेशनल इंफोर्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) टिहरी की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रमुख पर्यटन स्थलों की सूची में नीर वाटरफॉल का नाम दर्ज नहीं होने से स्थानीय लोगों में रोष है।

एनआईसी की टिहरी साइट पर जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में नई टिहरी, धनोल्टी, काणाताल, देवप्रयाग, नरेंद्रनगर और चंबा का उल्लेख है, लेकिन नीर वाटरफॉल को सूची में शामिल नहीं किया गया है।

गौरतलब है कि नीर वाटरफॉल ऋषिकेश से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित है और बदरीनाथ हाईवे से इसकी दूरी लगभग दो किलोमीटर है। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर यह झरना पर्यटकों के बीच खासा लोकप्रिय है। यहां लोग मनोरम दृश्य देखने और झरने के नीचे स्नान करने के लिए पहुंचते हैं।

क्यार्की गांव के ग्रामवासी लक्की रावत, शूरवीर रावत और विकास कैंतुरा ने एनआईसी की साइट पर नीर वाटरफॉल का नाम न होने पर विरोध जताया है। उनका कहना है कि जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल को सरकारी वेबसाइट से बाहर रखना गलत है।

नीर झरना विकास समिति के अध्यक्ष त्रिलोक सिंह ने कहा कि एनआईसी की साइट पर नीर वाटरफॉल का नाम जोड़ा जाना चाहिए। इसके लिए जिला पर्यटन अधिकारी, प्रभारी एनआईसी टिहरी और एसडीएम नरेंद्रनगर को पत्र भेजा जाएगा।

वहीं, जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा ने कहा कि मामले की जानकारी उन्हें अभी तक नहीं थी। संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर जल्द ही वेबसाइट पर नीर झरना का नाम जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।