रुड़की में निःशुल्क चिकित्सा शिविर: सैकड़ों लोगों ने उठाया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

रुड़की में ‘स्वस्थ रुड़की संकल्प’ के तहत दुर्गा चौक पर शुक्रवार को 9वां निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर का आयोजन भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष ध्रुव गुप्ता द्वारा किया गया, जिसमें क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर में ईसीजी, बीपी, शुगर, खून की जांच और बीएमडी टेस्ट सहित कई जांचें निःशुल्क की गईं। साथ ही हृदय, हड्डी, दंत, त्वचा, स्त्री एवं बाल रोग विशेषज्ञों द्वारा मरीजों को परामर्श और उपचार दिया गया। इसके अलावा नेत्र परीक्षण कर जरूरतमंदों को मुफ्त चश्मे वितरित किए गए तथा मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए मरीजों का चयन भी किया गया। मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि इस प्रकार के चिकित्सा शिविरों का नियमित आयोजन होना चाहिए, जिससे आम जनता को स्वास्थ्य लाभ मिल सके। उन्होंने आयोजन के लिए ध्रुव गुप्ता की सराहना की।

महेंद्र भट्ट ने राजनीतिक बयान देते हुए कहा कि जिन लोगों को भाजपा ने भ्रष्टाचार के आरोप में पहले पार्टी से बाहर किया था, उन्हें अब कांग्रेस में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सिद्धांतों से समझौता नहीं करती और ऐसे लोगों के लिए पार्टी में कोई स्थान नहीं है।

कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि ‘स्वस्थ रुड़की’ अभियान जनहित में एक सराहनीय पहल है और इससे आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।

आयोजक ध्रुव गुप्ता ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका लक्ष्य ‘स्वस्थ रुड़की’ को जनआंदोलन बनाना है और भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, जिला अध्यक्ष मधु सिंह, राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी, पूर्व राज्य मंत्री ठाकुर संजय सिंह, पूर्व पार्षद विवेक चौधरी, पार्षद संजीव तोमर, पार्षद अनुराग त्यागी, पार्षद आकाश जैन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।