रोहालकी किशनपुर में गुलदार का आतंक, मामा-भांजे समेत तीन लोग घायल, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

हरिद्वार। रोहालकी किशनपुर क्षेत्र में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के पास हुए हमले में मामा-भांजे को गुलदार ने घायल कर दिया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

घटना रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे की है। कपिल कुमार (36) अपने भांजे शुभम कुमार (26) के साथ बाइक से बहादराबाद से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के पास पहुंचे, खेत से निकले गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। हमले में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों ने किसी तरह शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गुलदार को भगाया।

स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

ग्रामीणों ने वन विभाग टीम को बनाया बंधक
लगातार हो रहे हमलों से गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम का विरोध किया और उन्हें कुछ समय के लिए बंधक बना लिया। ग्रामीण गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग पर अड़े रहे। बाद में क्षेत्राधिकारी के लिखित आश्वासन के बाद टीम को छोड़ा गया।

वन क्षेत्राधिकारी शिशुपाल सिंह ने बताया कि रोहालकी गांव में गुलदार को पकड़ने के लिए दो पिंजरे लगाए जा रहे हैं और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने जल्द ही गुलदार को पकड़ने का भरोसा दिलाया।

लगातार दूसरे दिन भी हमला
गुलदार ने इससे एक दिन पहले भी एक बुजुर्ग दुकानदार पर हमला किया था। ललित चौहान (60) शनिवार रात दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, तभी बोंगला अंडरपास के पास गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाया।

लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों बढ़ते जा रहे हैं। लोग जल्द से जल्द गुलदार को पकड़ने की मांग कर रहे हैं।