किसानों का तहसील में हंगामा, लेखपालों पर बिल्डर को लाभ पहुंचाने का आरोप

Roorkee: भारतीय किसान यूनियन टिकैत के गढ़वाल मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी के नेतृत्व में किसानों ने तहसील पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने दो लेखपालों पर एक किसान की जमीन से जबरन चकरोड निकालकर बिल्डर को लाभ पहुंचाने का गंभीर आरोप लगाया।

किसानों ने तहसील सभागार में तहसीलदार विकास अवस्थी के सामने अपनी शिकायत रखते हुए बताया कि पिरान कलियर क्षेत्र के महमूदपुर गांव निवासी किसान जान इलाही की भूमि से जबरन चकरोड निकाला जा रहा है। किसानों के विरोध के बाद प्रशासन ने पहले जांच का आश्वासन दिया था, लेकिन आरोप है कि अब लेखपालों ने खेत में चकरोड के लिए पत्थर भी डलवा दिए हैं।

किसानों का कहना है कि लेखपालों ने बिल्डर से मोटी रकम लेकर यह कार्रवाई की है और गलत तरीके से किसान की जमीन का उपयोग किया जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर किसानों में भारी आक्रोश देखने को मिला और उन्होंने जमकर नारेबाजी की।

तहसीलदार विकास अवस्थी ने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। वहीं किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।