फलों की बिक्री को लेकर दो पक्षों में विवाद, गांधीग्राम क्षेत्र में तनाव का माहौल

देहरादून के गांधीग्राम क्षेत्र में बुधवार शाम फलों की बिक्री को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज तथा झगड़ा शुरू हो गया, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान दोनों समुदायों के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए, जिससे स्थिति और अधिक संवेदनशील हो गई। सूचना मिलते ही लक्ष्मण चौक चौकी और कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रण में लिया और लोगों को वहां से हटाया। पुलिस के अनुसार पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर कोतवाली नगर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनी हुई है और पुलिस द्वारा निगरानी रखी जा रही है।