सावित्री गैस एजेंसी पर जबरन वसूली के आरोप, उपभोक्ताओं ने की कार्रवाई की मांग

Roorkee : शहर की सावित्री गैस एजेंसी एक बार फिर विवादों में घिर गई है। उपभोक्ताओं ने एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि गैस सिलेंडर देने से पहले कर्मचारियों द्वारा उन्हें जबरन पाइप और बीमा पॉलिसी लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।

पीड़ित उपभोक्ताओं के अनुसार, एजेंसी कर्मचारी साफ तौर पर कहते हैं कि “पहले पाइप और बीमा लीजिए, उसके बाद ही गैस मिलेगी।” इस तरह की शर्तों से उपभोक्ता खासे परेशान हैं। उनका कहना है कि उनके पास पहले से गैस पाइप मौजूद है और बीमा लेना पूरी तरह व्यक्तिगत निर्णय होना चाहिए, लेकिन एजेंसी इसे अनिवार्य बना रही है।

एक उपभोक्ता ने बताया कि जब वह सिलेंडर लेने पहुंचा और उसी समय मीडिया भी वहां मौजूद थी, तो एजेंसी के कर्मचारी ने उसकी गैस बुक पर जल्दबाजी में “पाइप ले चुके” लिख दिया, जबकि उसने कोई पाइप नहीं खरीदा था। इससे उपभोक्ता में नाराजगी और बढ़ गई।

वहीं एक अन्य उपभोक्ता ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसके मोबाइल पर गैस डिलीवरी का मैसेज आया, जबकि उसने सिलेंडर लिया ही नहीं था। शिकायत करने पर वह एजेंसी पहुंचा और संचालक से जवाब मांगा, लेकिन उसे संतोषजनक उत्तर नहीं मिला।

इन घटनाओं से नाराज उपभोक्ताओं ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।