जौलीग्रांट थानो में हनुमान चालीसा को लेकर बवाल, भारी पुलिस बल तैनात

जौलीग्रांट/थानो। जौलीग्रांट के थानो क्षेत्र में हनुमान चालीसा पाठ को लेकर विवाद की स्थिति पैदा हो गई, जिसके बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया। एहतियातन मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार, थानो क्षेत्र में स्थित एक मस्जिद के सामने ही एक मंदिर है। मंदिर में हनुमान चालीसा पढ़ने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

पुलिस ने हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं को थानो चौक पर बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया है। विभिन्न हिंदू संगठनों के लोग मस्जिद के पास स्थित मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ करना चाहते हैं। संगठनों का आरोप है कि थानो में स्थित मस्जिद अवैध है और उसका नक्शा पास नहीं कराया गया है। साथ ही मस्जिद परिसर में संचालित मदरसे के वक्फ बोर्ड और उत्तराखंड सरकार में पंजीकृत न होने का भी आरोप लगाया गया है।

स्थानीय लोगों द्वारा मस्जिद को लेकर प्रशासन और एमडीडीए को शिकायत दी गई थी। इसके बाद प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में मस्जिद के एक हिस्से को सील कर दिया था।

फिलहाल हिंदू संगठन थानो चौक पर धरने पर बैठे हुए हैं और मस्जिद के पास मंदिर में हनुमान चालीसा पढ़ने की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि मस्जिद के समीप धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने से कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है, इसलिए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।