ढालीपुर में 12वीं की छात्रा की निर्मम हत्या, चचेरा भाई फरार..

Dehradun: कोतवाली क्षेत्र के ढालीपुर में 12वीं कक्षा की छात्रा मनीषा तोमर (18) की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। छात्रा बुधवार शाम अपने चचेरे भाई सुरेंद्र के साथ बाइक से दांत की समस्या की दवाई लेने विकासनगर गई थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

खोजबीन के दौरान गांव से करीब एक किलोमीटर दूर झाड़ियों के पास मनीषा का खून से सना शव बरामद हुआ। शव की हालत बेहद दर्दनाक थी। छात्रा के गले पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे, जबकि उसका चेहरा पत्थर से बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया गया था।

घटना के बाद से छात्रा का चचेरा भाई सुरेंद्र फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि मुख्य संदिग्ध चचेरे भाई की तलाश की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। बेटी की इस नृशंस हत्या से परिजन गहरे सदमे में हैं, वहीं गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।