
लखीमपुर खीरी। लखीमपुर खीरी के धौरहरा इलाके में बुधवार दोपहर सिसैया-ईसानगर रोड पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक युवक ने दुल्हन को विदा कराकर ले जा रही कार को ओवरटेक कर बीच सड़क पर रोक लिया। युवक ने खुद को दुल्हन का प्रेमी बताते हुए आर्य समाज मंदिर में विवाह करने का दावा किया और मौके पर फोटो व दस्तावेज भी दिखाए।
जानकारी के अनुसार पढ़ुआ थाना क्षेत्र के एक गांव से बरात दुल्हन को विदा कराकर ईसानगर क्षेत्र के लिए रवाना हुई थी। बुधवार दोपहर करीब दो बजे इमलिया के पास एक युवक ने बाइक से कार को ओवरटेक कर आगे लगा दिया। कार रुकते ही वह उतरा और दुल्हन को बाहर निकालने का प्रयास करने लगा। इससे बरातियों में हड़कंप मच गया और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
बरातियों ने पुलिस को दी सूचना
युवक का कहना था कि युवती उसकी प्रेमिका है और दोनों ने आर्य समाज मंदिर में विधिवत विवाह किया है। उसने विवाह संबंधी फोटो और दस्तावेज भी दिखाए। इस बीच बरातियों ने यूपी-112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सहमति न बनने पर दोनों पक्षों को पीआरवी से धौरहरा स्थित क्षेत्राधिकारी कार्यालय ले जाया गया।
दूल्हे ने किया इन्कार
घटनाक्रम से आहत दूल्हे ने दुल्हन को अपनाने से इन्कार कर दिया, जबकि युवती प्रेमी के बजाय दूल्हे के साथ जाने की बात कहती रही। दिनभर चली पंचायत के बाद क्षेत्राधिकारी धौरहरा शमशेर बहादुर सिंह ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया।
सीओ ने बताया कि युवक-युवती दोनों बालिग हैं। युवक ने विवाह के फोटो और दस्तावेज प्रस्तुत किए थे, जबकि युवती के परिजनों ने उसका विवाह ननिहाल पक्ष में तय किया था। किसी भी पक्ष ने पुलिस कार्रवाई की इच्छा नहीं जताई और आपसी सहमति से समाधान निकाल लिया गया।
दोबारा हुई विदाई
शाम तक चली पंचायत के बाद युवती को मायके भेजा गया। वहां दोनों पक्षों में सुलह होने के बाद बृहस्पतिवार को दोबारा बरात की विदाई हुई और दुल्हन दूल्हे के साथ ससुराल चली गई।
