गंगनहर में कूदकर लापता महिला का शव मिला, हत्या या आत्महत्या पर विवाद

रुड़की, गंगनहर में कूदकर लापता हुई एक महिला का शव मिलने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। अंतिम संस्कार के पश्चात मायके और ससुराल पक्ष के लोग कोतवाली पहुंचे, जहां दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए। मायके पक्ष ने महिला के पति पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, कलियर थाना क्षेत्र के तेलीवाला गांव निवासी शिवानी की शादी करीब एक वर्ष पूर्व सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के बेलड़ा गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। बताया गया है कि महिला पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी।

छह मार्च को वह अपने पति के साथ सुनहरा क्षेत्र में एक रिश्तेदारी में आई थी। ससुराल पक्ष के अनुसार, यहां से मायके जाते समय सोलानी पार्क के पास उसने गंगनहर में छलांग लगा दी थी। घटना के बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी थी।

मंगलवार को महिला का शव मेरठ जिले के मवाना क्षेत्र के बहसूमा स्थित गंगनहर से बरामद किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया।

अंतिम संस्कार के बाद मायके पक्ष ने कोतवाली पहुंचकर पति पर हत्या का आरोप लगाया। वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि महिला ने मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या की है।

विवेचना अधिकारी नरेंद्र राठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।