
रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की (आईआईटी रुड़की) के एमबीए छात्र आशीष शुक्ला का शव गंगनहर से छह दिन बाद बरामद कर लिया गया। 11 फरवरी की शाम वह अपने दोस्तों के साथ गंगनहर के पास घूमने गया था, जहां अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहकर डूब गया था। घटना के बाद से वह लापता था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा अचानक हुआ और मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही आशीष गहरे पानी में समा गया। इस दौरान डूबने का एक दर्दनाक वीडियो भी सामने आया, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस की टीमों ने गंगनहर में सर्च अभियान शुरू किया। लगातार छह दिनों तक चले तलाशी अभियान के बाद आखिरकार आशीष का शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर से परिजनों और सहपाठियों में शोक की लहर दौड़ गई।
आशीष शुक्ला मूल रूप से बलिया, उत्तर प्रदेश का निवासी था। वह आईआईटी रुड़की में एमबीए की पढ़ाई कर रहा था। संस्थान प्रशासन ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

