
Dehradun: आगामी चारधाम यात्रा के मद्देनज़र केदारनाथ हेली सेवा के संचालन के लिए एविएशन कंपनियों का नए सिरे से चयन किया जाएगा। इसके लिए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगा। पिछले तीन वर्षों से हेली सेवा संचालित कर रही कंपनियों के साथ किया गया अनुबंध वर्ष 2025 में पूरा हो चुका है।

हर वर्ष टेंडर प्रक्रिया में लगने वाले समय को देखते हुए यूकाडा ने पहले एविएशन कंपनियों के साथ तीन साल का अनुबंध किया था। बीते वर्षों में गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी हेलिपैड से पवन हंस, आर्यन, थंबी, ट्रांस भारत, ग्लोबल विक्ट्रा, केस्ट्रल और एयरो एयर क्राफ्ट के माध्यम से केदारनाथ हेली सेवा का संचालन किया गया।
आगामी चारधाम यात्रा अप्रैल–मई माह से शुरू होने की संभावना है। यात्रा से पूर्व यूकाडा केदारनाथ हेली सेवा के लिए कंपनियों के चयन की सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गया है।
यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष चौहान ने बताया कि केदारनाथ हेली सेवा के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। टेंडर में सुरक्षा मानकों के सख्त अनुपालन को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा प्रारंभ होने से पहले हेली सेवाओं से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएंगी।

