

अस्मिता खेलो इंडिया डिस्ट्रिक्ट लीग 2025-26 के तहत आयोजित युवा महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता का रविवार को गांव झबीरण स्थित स्पार्क एकेडमी में सफल समापन हुआ। प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा पहुंचे, जिन्होंने प्रतिभागी टीमों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इससे पहले दो दिवसीय इस जिलास्तरीय टूर्नामेंट का शुभारंभ शनिवार को झबरेड़ा विधायक विरेंद्र सिंह जाती ने फीता काटकर किया था।
प्रतियोगिता में जिले की कुल 14 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में बहादराबाद टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए रुड़की टीम को लगातार तीन सेटों में 25-16, 25-15 और 25-18 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
विजेता टीम में रोशनी, मानवी और काजल का अहम योगदान रहा, जबकि उपविजेता टीम में शिफा, विनीता और आस्था ने बेहतरीन खेल दिखाया।
इस अवसर पर प्रदीप बत्रा ने कहा कि सरकार महिलाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रही हैं।
संसार सिंह नौटियाल ने बताया कि गांव में वॉलीबॉल का पुराना इतिहास रहा है और स्थानीय युवा व बुजुर्ग भी इस खेल से गहराई से जुड़े हैं।
कार्यक्रम में विकास कुमार, प्रशांत कुमार, कुशलजीत तोमर, अमित कुमार, विशू राठी और गौरव कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
