
UP: इस्रायल और ईरान के बीच जारी युद्ध की खबरों के बाद एलपीजी गैस को लेकर उपभोक्ताओं में चिंता बढ़ती नजर आ रही है। सहारनपुर और मेरठ में गैस सिलिंडर भरवाने के लिए लोगों की भीड़ गैस एजेंसियों पर उमड़ रही है, जिससे कई स्थानों पर अव्यवस्था का माहौल बन गया।

सहारनपुर में सुबह से ही गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिलीं। उपभोक्ता सिलिंडर रिफिल कराने के लिए एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। लोगों को घंटों तक लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है।
वहीं मेरठ में गैस बुकिंग को लेकर पासी गैस सर्विस पर भी लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ अधिक होने के कारण कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति भी बन गई। मौके पर मौजूद लोगों ने जल्द गैस उपलब्ध कराने की मांग की।
जिला प्रशासन का कहना है कि सहारनपुर जिले में गैस की पर्याप्त आपूर्ति और स्टॉक उपलब्ध है। अधिकारियों के अनुसार घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन युद्ध की खबरों के चलते लोग संभावित कमी की आशंका में पहले ही सिलिंडर रिफिल कराने पहुंच रहे हैं।
गैस एजेंसियों के बाहर सुबह करीब आठ बजे से ही उपभोक्ताओं की लंबी लाइनें लगनी शुरू हो गईं। कई लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसियों द्वारा दिए गए बुकिंग नंबर पर गैस बुक नहीं हो पा रही है। बुकिंग प्रक्रिया में तकनीकी दिक्कत आने के कारण उन्हें बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इसी वजह से लोग सीधे एजेंसियों पर पहुंचकर सिलिंडर रिफिल कराने की कोशिश कर रहे हैं।
