घरेलू गैस सिलिंडरों के दुरुपयोग पर प्रशासन सख्त, होटल-ढाबों में छापेमारी

Roorkee : घरेलू गैस सिलिंडरों के व्यावसायिक उपयोग को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में रुड़की और मंगलौर क्षेत्र में होटल व ढाबों पर छापेमारी अभियान चलाया गया।

क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी एमएस रावत के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिसमें आठ घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किए गए। जांच में सामने आया कि इन सिलिंडरों का उपयोग घरेलू कार्यों के बजाय व्यावसायिक गतिविधियों में किया जा रहा था।

अधिकारियों के अनुसार, जब्त किए गए सिलिंडरों में से छह मंगलौर गैस एजेंसी और दो रुड़की स्थित छवि गैस एजेंसी को सुपुर्द कर दिए गए हैं।

एमएस रावत ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलिंडर केवल घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित हैं और उनका व्यावसायिक उपयोग नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने होटल और ढाबा संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने यह भी कहा कि घरेलू गैस के दुरुपयोग को रोकने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।