पिटबुल ने बुजुर्ग महिला को बुरी तरह नोंचा…हालत गंभीर

पिटबुल ने बुजुर्ग महिला को बुरी तरह नोंचा...हालत गंभीर

रूडकी : पिटबुल नस्ल के कुत्ते ने घर के बाहर से गुजर रही बुजुर्ग महिला पर अचानक हमला बोल दिया। कुत्ते ने महिला के मुंह समेत शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह नोच डाला है। आसपास के लोगों ने महिला को कुत्ते से छुड़ाकर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। महिला के बेटे ने कुत्ते के स्वामी के खिलाफ तहरीर दी है।

सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ढंढेरा निवासी संजय पुत्र भोपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी मां केला देवी शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे किसी काम से पोस्ट ऑफिस वाली गली में किसी जानने वाले के यहां जा रही थी। रास्ते में पड़ने वाले एक घर के व्यक्ति ने खतरनाक नस्ल के कुत्ते पाल रखे हैं। जैसे ही उनकी मां घर के बाहर से गुजर रही थीं तो कुत्ते ने घर से निकलकर उनकी मां पर जानलेवा हमला कर दिया।

आसपास के लोगों ने शोर मचाकर किसी तरह महिला को छुड़ाया। इसके बाद गंभीर हालत में महिला को रुड़की सिविल अस्पताल ले जाया गया। महिला को एंटी रैबीज और सिरम इंजेक्शन दिया गया। चिकित्सकों ने बताया कि महिला को बुरी तरह नोंचा हुआ था। बुजुर्ग महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं दूसरी ओर, पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी आरके सकलानी ने बताया कि तहरीर मिली है। इसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।I